जमीन धंसी तो देखते ही देखते जमींदोज हुए 10 घर, 4 दोमंजिला मकान भी समाए; मचा हड़कंप

धनबाद : कतरास क्षेत्र के छाताबाद में शुक्रवार शाम करीब चार बजे अचानक भू-धंसान से करीब 10 घर जमींदोज हो गए। इनमें चार दोमंजिला मकान जमीन के अंदर समा गए। मो. सज्जाद के घर में मौजूद आठ लोग अंदर फंस गए थे, जिन्हें सीढ़ी की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला गया। घटना में हुसैना बानो के सिर पर दीवार गिरने से गंभीर चोट लगी है। बताया गया कि करीब 20 फीट तक जमीन धंसी। प्रभावित परिवारों में मोहम्मद सज्जाद, मोहम्मद नईम, मोहम्मद रियाज, मोहम्मद मुर्तजा, मोहम्मद कलाम, मोहम्मद इमामुल, सगीर खान, सबुल खान और मोहम्मद हसनैन खान समेत कई लोग शामिल हैं।


स्थानीय लोगों ने न्यू आकाशकिनारी कोलियरी परियोजना में हुई हेवी ब्लास्टिंग को घटना की वजह बताया है, जबकि गोविंदपुर क्षेत्र के महाप्रबंधक सत्काम आनंद के अनुसार प्रारंभिक जांच में अवैध खनन मुख्य कारण सामने आया है। उनका कहना है कि अवैध खनन के दौरान BCCL के सुरक्षा पिलर काटे जाने से जमीन कमजोर हुई। पुलिस, BCCL और रेस्क्यू टीमें राहत-बचाव में जुटी हैं तथा प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाने और सामान निकालने का काम जारी है। BCCL ने सिंदुआरटांड़ के क्वार्टरों में प्रभावित लोगों को शिफ्ट करने की पेशकश की है।


