14 करोड़ 12 लाख से अधिक की लागत से बनेंगे चार भवन, प्रशासनिक स्वीकृति का इंतजार

जमशेदपुर : जिले के पोटका और चाकुलिया प्रखंडों में जिला परिषद की ओर से 14 करोड़ 12 लाख रुपये से अधिक की लागत से चार भवनों के निर्माण की योजना है। दोनों प्रखंडों में एक-एक बहुद्देश्यीय भवन और एक-एक निरीक्षण भवन बनाया जाएगा। योजनाओं को डेढ़ साल पहले तकनीकी स्वीकृति मिल चुकी है, लेकिन प्रशासनिक स्वीकृति अभी लंबित है। इसके लिए पंचायती राज विभाग को आवेदन भेजा गया है।


चाकुलिया के डाकबंगला परिसर में प्रस्तावित निरीक्षण भवन की लागत दो करोड़ 31 लाख 88 हजार, 200 रुपये और बहुद्देश्यीय भवन की लागत 4 करोड़ 98 लाख 2 हजार 600 रुपये है। वहीं, पोटका के तिरिंग में निरीक्षण भवन पर एक करोड़ 93 लाख 29 हजार 700 रुपये और बहुद्देश्यीय भवन पर 4 करोड़ 89 लाख 60 हजार रुपये खर्च होने का अनुमान है।
इन योजनाओं का उद्देश्य जिला परिषद की खाली जमीन का उपयोग कर भवनों को किराये पर देना और आय बढ़ाना है। हालांकि, पंचायती राज विभाग ने प्रशासनिक स्वीकृति के लिए तकनीकी स्वीकृति दस्तावेज की मूल प्रति मांगी है। साथ ही प्रस्ताव को पौने दो वर्ष बीतने के कारण भवनों की वर्तमान आवश्यकता पर भी रिपोर्ट देने को कहा है।


