जंगलों में इको टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए बनेगी विशेषज्ञों की टीम

जमशेदपुर : झारखंड के घने जंगलों, जलप्रपातों, नदियों और समृद्ध जैव-विविधता को पर्यटन के वैश्विक मानचित्र पर पहचान दिलाने की तैयारी की जा रही है। झारखंड इको टूरिज्म अथॉरिटी (जेटा) चुनिंदा वन क्षेत्रों में इको-टूरिज्म परियोजनाओं के विकास और निगरानी के लिए प्रोजेक्ट मॉनिटरिंग यूनिट (पीएमयू) गठित करेगी। इसके लिए अनुभवी परामर्शी संस्था के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पीएमयू राज्य के प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों के अलावा कम चर्चित वन एवं ग्रामीण क्षेत्रों में भी इको, ग्रामीण और कृषि पर्यटन की संभावनाएं तलाशेगी। चयनित स्थानों पर पेयजल, स्वच्छता, बिजली, संचार, स्वास्थ्य, ठोस कचरा और आपदा प्रबंधन जैसी सुविधाओं का आकलन कर मास्टर प्लान और विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार की जाएगी।

इस योजना में पर्यावरण संरक्षण के साथ स्थानीय लोगों की आजीविका और रोजगार को भी प्राथमिकता दी जाएगी। प्रत्येक पर्यटन स्थल पर पर्यटकों की संख्या संभालने की क्षमता का वैज्ञानिक अध्ययन किया जाएगा, ताकि प्राकृतिक संसाधनों पर अतिरिक्त दबाव न पड़े। स्थानीय कला, शिल्प और संस्कृति को पर्यटन से जोड़ने के साथ ग्रामीणों को कौशल प्रशिक्षण देकर रोजगार के अवसर विकसित किए जाएंगे। निजी क्षेत्र की भागीदारी की संभावनाएं भी तलाशी जाएंगी। चयनित परामर्शी संस्था के साथ शुरुआती तीन वर्ष का अनुबंध होगा, जिसे बेहतर प्रदर्शन के आधार पर एक साल बढ़ाया जा सकेगा। एजेंसी रांची के डोरंडा स्थित वन भवन में 10 विशेषज्ञों की टीम तैनात करेगी। इसमें टीम लीडर, प्रोजेक्ट आर्किटेक्ट, खरीद विशेषज्ञ, सिविल इंजीनियर, पर्यटन विशेषज्ञ और तीन जिला इको-टूरिज्म सलाहकार शामिल होंगे। वरिष्ठ इको-टूरिज्म और पर्यटन सलाहकार भी टीम को सहयोग देंगे।


