मानगो के पांच इलाकों में पेयजल संकट दूर करने के लिए पाइपलाइन बिछाने का काम शुरू

जमशेदपुर : मानगो में लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या को दूर करने के लिए पांच क्षेत्रों में इंटरकनेक्टिंग पाइपलाइन बिछाने का काम शुरू कर दिया गया है। गुरुवार को मेयर सुधा गुप्ता ने नारियल फोड़कर योजना का शुभारंभ किया। स्थानीय लोगों ने उनका स्वागत किया। आपके प्रिय समाचार पत्र हिन्दुस्तान की ओर से 11 नवंबर से मानगो में जलसंकट को लेकर अभियान चलाया जा रहा था। इस पर संज्ञान लेते हुए नगर निगम ने पाइपलाइन बिछाने का काम शुरू कराया है। इससे संबंधित इलाकों में पानी का दबाव बढ़ने और घरों तक पर्याप्त पेयजल पहुंचने की उम्मीद है। योजना से हजारों परिवारों को राहत मिलने की संभावना है।

योजना के तहत मानगो नगर निगम के पांच स्थानों को इंटरकनेक्टिंग पाइपलाइन से जोड़ा जाएगा। इनमें वार्ड संख्या दो का समतानगर और मस्जिद के समीप का क्षेत्र, वार्ड संख्या 22 का बागानशाही, वार्ड संख्या 25 का बच्चे खान रोड और वार्ड संख्या एक की गुलजार बाग मुख्य सड़क शामिल हैं। मेयर सुधा गुप्ता ने कहा कि मानगो के प्रत्येक नागरिक को नियमित और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। लंबे समय से बनी पेयजल समस्याओं के समाधान के लिए नगर निगम लगातार प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि बुनियादी नागरिक सुविधाओं को मजबूत करना और लोगों की समस्याओं का स्थायी समाधान करना निगम का उद्देश्य है। मेयर ने पाइपलाइन का काम समय पर पूरा कराने के लिए स्थानीय लोगों से सहयोग की अपील की।


