स्टील एक्सप्रेस में सेंसर अलार्म बजने से अफरातफरी, 45 मिनट लेट पहुंची ट्रेन

जमशेदपुर : हावड़ा-टाटानगर स्टील एक्सप्रेस के चेयरकार कोच में शुक्रवार रात सेंसर अलार्म बजने से यात्रियों के बीच अफरातफरी मच गई। घटना घाटशिला स्टेशन के बाद की है, जहां धुआं फैलने का संकेत मिलने पर कोच में लगा अलार्म सक्रिय हो गया। इसके बाद ट्रेन को कुछ देर के लिए रोकना पड़ा। यात्रियों को समझाने के बाद रेलकर्मियों ने कोच की जांच की, लेकिन कहीं आग या तकनीकी खराबी की पुष्टि नहीं हुई।


सेंसर अलार्म बजने के कारण की जांच के दौरान किसी यात्री द्वारा कोच या गेट के पास धूम्रपान किए जाने की आशंका जताई गई। इस घटना की सूचना टाटानगर स्टेशन पर भी पहुंची थी। जांच के कारण स्टील एक्सप्रेस करीब 45 मिनट की देरी से टाटानगर पहुंची। यहां पहुंचने के बाद एक बार फिर कोच की जांच की गई। ट्रेन के प्रत्येक कोच में सेंसर अलार्म लगा है, जो धुआं या आग होने की स्थिति में सक्रिय हो जाता है। रेलकर्मियों ने जांच के बाद यात्रियों को सामान्य किया। रेलवे नियमों के अनुसार ट्रेन के कोच में धूम्रपान करना प्रतिबंधित है।


