टाटानगर स्टेशन पर फिर शुरू होगी ई-बाइक सेवा, रेलवे तलाश रहा नया संचालक

जमशेदपुर : टाटानगर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के लिए ई-बाइक किराये की सुविधा दोबारा शुरू करने की योजना बनाई जा रही है। चक्रधरपुर मंडल रेलवे इसके लिए नए संचालक की तलाश कर रहा है। इस सेवा के शुरू होने से दूसरे शहरों से आने वाले यात्रियों को जमशेदपुर के विभिन्न इलाकों में आने-जाने में सहूलियत मिलेगी। यात्री प्रति घंटे के हिसाब से किराया देकर इलेक्ट्रिक बाइक ले सकेंगे। जून 2022 में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर तत्कालीन डीआरएम विजय कुमार साहू की पहल से स्टेशन पर यह सुविधा शुरू की गई थी। अगस्त 2025 तक यहां जीपीएस युक्त आठ ई-बाइक उपलब्ध थीं, लेकिन एजेंसी और रेलवे के बीच अनुबंध की अवधि समाप्त होने के बाद सेवा बंद हो गई।

पहले ई-बाइक लेने के लिए यात्रियों को दो घंटे का शुल्क अग्रिम जमा करना पड़ता था। सुरक्षा के लिहाज से मोबाइल नंबर, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और आरक्षित टिकट दिखाना अनिवार्य था। संचालक की ओर से यात्रियों को हेलमेट भी उपलब्ध कराया जाता था। चक्रधरपुर मंडल के सीनियर डीसीएम आदित्य साहू ने बताया कि टाटानगर स्टेशन पर ई-बाइक सेवा दोबारा शुरू करना रेलवे की प्राथमिकता है, ताकि यात्रियों को शहर में आवागमन में परेशानी न हो।
यात्री शशि राय ने बताया कि पहले स्टेशन पर ई-बाइक की सुविधा होने से निजी टैक्सी या ऑटो पर निर्भर नहीं रहना पड़ता था। फिलहाल शहर में आवागमन का किराया यात्रियों पर अतिरिक्त बोझ डाल रहा है। वहीं, जानकारों के अनुसार, रेलवे में इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए चार्जिंग स्टेशन बनाने को लेकर पहले सर्वे भी कराया गया था, लेकिन इस योजना पर आगे काम नहीं हो सका।


