यूको बैंक में 4.1 करोड़ की डकैती, 18 मिनट में लूटकर भागे 5 नकाबपोश

गिरिडीह : जिले के राजधनवार स्थित गांधी चौक के पास यूको बैंक की शाखा में गुरुवार दोपहर पांच हथियारबंद नकाबपोश अपराधियों ने दिनदहाड़े डकैती की वारदात को अंजाम दिया। दोपहर लगभग 2:00 बजे बैंक में घुसे अपराधियों ने महज 18 मिनट के भीतर कैश काउंटर से 10 लाख रुपये नकद और लॉकर में रखे लगभग 4 करोड़ रुपये के सोने-चांदी के आभूषण लूट लिए। सभी अपराधी रिवाल्वर से लैस थे और वारदात के बाद फरार हो गए।


घटना के समय बैंक में चार कर्मचारी और तीन ग्राहक मौजूद थे। अपराधियों ने सभी सात लोगों को हथियारों के बल पर बंधक बना लिया और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उनके मुंह पर सेलोटेप चिपकाकर हाथ पीछे की ओर बांध दिए, ताकि वे शोर न मचा सकें और मदद के लिए किसी को बुला न सकें। अपराधियों ने लॉकर तोड़कर उसमें रखे आभूषण भी लूट लिए।
घटना के बाद बैंक की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों और प्राथमिक जांच के अनुसार, शाखा में सुरक्षा गार्ड तैनात नहीं था। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस बैंक और आसपास की दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। जिले की सभी सीमाएं सील कर प्रमुख मार्गों पर वाहनों की जांच और संदिग्धों की धरपकड़ के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस प्रशासन का दावा है कि सीसीटीवी और तकनीकी सर्विलांस के आधार पर अपराधियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।


