5 साल में 685 करोड़ की कमाई, अब चेयरमैन पद पर फिर से होगा बड़ा फैसला



जमशेदपुर : टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन पिछले पांच वित्तीय वर्षों में 685 करोड़ रुपये से अधिक का कुल पारिश्रमिक हासिल कर चुके हैं। कंपनी की वार्षिक रिपोर्ट के अनुसार, वित्त वर्ष 2025-26 में उन्हें 158.6 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड पारिश्रमिक मिला, जो FY22 से पारिश्रमिक का खुलासा शुरू होने के बाद सबसे अधिक है। इसमें लगभग 140.7 करोड़ रुपये कमीशन और 17.9 करोड़ रुपये वेतन के रूप में शामिल थे। पिछले वित्त वर्ष में उनका कुल पारिश्रमिक 155 करोड़ रुपये और FY24 में 134.8 करोड़ रुपये था। यह राशि FY26 में टाटा संस द्वारा सभी निदेशकों को दिए गए कुल पारिश्रमिक का लगभग 80 प्रतिशत रही। अगस्त के मध्य में होने वाली टाटा संस की वार्षिक आम बैठक (AGM) में एन. चंद्रशेखरन के निदेशक पद पर पुनर्नियुक्ति को शेयरधारकों की मंजूरी के लिए रखा जाएगा। हालांकि चेयरमैन के रूप में उनका मौजूदा कार्यकाल फरवरी 2027 तक है, लेकिन कंपनी अधिनियम के तहत रोटेशन के आधार पर उन्हें फिर से निदेशक पद के लिए मंजूरी लेनी होगी। FY26 में मुख्य वित्तीय अधिकारी (CFO) और कार्यकारी निदेशक सौरभ अग्रवाल 34 करोड़ रुपये के पारिश्रमिक के साथ दूसरे सबसे अधिक भुगतान पाने वाले अधिकारी रहे, जबकि अन्य बोर्ड सदस्यों को वेतन नहीं मिला, हालांकि छह निदेशकों को 1 से 3 करोड़ रुपये तक कमीशन दिया गया।




