वायरल रील्स से ‘ब्लू पॉइंट’ पर बढ़ी भीड़, सुरक्षा को लेकर उठे सवाल

गालूडीह : इंस्टाग्राम पर वायरल रील्स के बाद उलदा स्थित स्लैग डंपिंग यार्ड के पास बने तालाब को ‘ब्लू पॉइंट’ के नाम से पहचान मिलने लगी है। अब जमशेदपुर समेत दूर-दराज के इलाकों से युवक-युवतियां और कम उम्र के बच्चे यहां फोटोशूट और रील्स बनाने पहुंच रहे हैं। नीले रंग का दिखने वाला पानी और स्लैग के पहाड़ का दृश्य लोगों को आकर्षित कर रहा है, लेकिन इसके साथ सुरक्षा को लेकर चिंता भी बढ़ी है।


तालाब के किनारे तक जाकर फोटो और वीडियो बनाने वालों की संख्या बढ़ रही है। बाहर से आने वाले अधिकांश लोगों को पानी की वास्तविक प्रकृति और संभावित जोखिम की जानकारी नहीं है। फिलहाल यहां कोई स्पष्ट चेतावनी बोर्ड नजर नहीं आता। बारिश के दौरान तालाब की एक दीवार टूटने के बाद बने रास्ते से परिसर में प्रवेश आसान हो गया था, हालांकि अब लोगों को अंदर जाने से रोकने का प्रयास किया जा रहा है।
उलदा में टाटा स्टील की ओर से स्लैग डंपिंग के लिए स्लैग यार्ड बनाया गया है। प्रबंधन के अनुसार, स्लैग से निकलने वाले पानी को किसानों के खेतों और आसपास के इलाकों में जाने से रोकने के लिए ढलाई कर यह तालाब बनाया गया था। स्थानीय लोगों ने बच्चों के यहां पहुंचने पर चिंता जताई है। स्लैग से जुड़े पानी के संपर्क में आने पर त्वचा संबंधी परेशानी की आशंका भी जताई गई है और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, स्पष्ट चेतावनी बोर्ड लगाने तथा टूटे हिस्से की स्थायी मरम्मत की जरूरत बताई गई है।


