नकाबपोश महिला ने बुजुर्ग की आंख में डाला स्प्रे, लूट की कोशिश नाकाम; CCTV से पुलिस आरोपी तक पहुंची

जमशेदपुर : बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के धतकीडीह बड़ी मस्जिद के पास एक अपार्टमेंट में बुजुर्ग महिला से लूट की कोशिश के मामले में पुलिस ने आरोपी महिला को हिरासत में लिया है। आरोपी महिला धतकीडीह इलाके की रहने वाली बतायी जा रही है। पुलिस ने तकनीकी जांच और दर्जनों CCTV कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद उसे पकड़ा। फिलहाल उससे गुप्त स्थान पर पूछताछ की जा रही है।


घटना शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे की है। पीड़िता यास्मीन निगार के पति जुमे की नमाज के लिए मस्जिद गए थे। इसी दौरान नकाब पहने महिला चाबी से फ्लैट का ताला खोलकर अंदर दाखिल हुई। उसने यास्मीन निगार की आंख में पहले मिर्च पाउडर का घोल फेंका और फिर किसी तेज असर वाले पदार्थ का स्प्रे किया। इसके बाद उसने उनके हाथ से सोने की चूड़ियां छीनने की कोशिश की, लेकिन विरोध और शोर मचाने पर बिना कुछ लूटे भाग गई। स्प्रे से यास्मीन निगार की बायीं आंख बुरी तरह प्रभावित हुई है और उनकी देखने की क्षमता काफी कम हो गई है। परिवार उन्हें बेहतर इलाज के लिए कोलकाता के शंकर नेत्रालय ले जाने की तैयारी कर रहा है।
जांच के दौरान CCTV फुटेज में आरोपी महिला मदरसा फैजुल उलूम के पास, फिर धतकीडीह मेन रोड स्थित शर्मा होटल के पास से घटनास्थल की ओर जाती और वारदात के बाद भागती दिखी। फुटेज के आधार पर पुलिस एक हरे रंग के मकान तक पहुंची, जिसके मुख्य दरवाजे का रंग भूरा है, और वहीं से महिला को हिरासत में लिया गया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि उसे बुजुर्ग के घर में अकेले होने की सटीक जानकारी किसने दी थी और वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं।


