औद्योगिक क्षेत्रों की बदहाली पर चैंबर का निरीक्षण अभियान, सड़क-बिजली समस्या पर उठे सवाल


रामगढ़ : राज्य के औद्योगिक क्षेत्रों की समस्याओं को लेकर फेडरेशन ऑफ झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने विशेष निरीक्षण अभियान शुरू किया है। इसी क्रम में रामगढ़ और पतरातू इंडस्ट्रियल एरिया का दौरा कर वहां की मौजूदा स्थिति का जायजा लिया गया। अभियान का नेतृत्व चेंबर के सह सचिव रोहित पोद्दार ने किया। इस दौरान कार्यकारिणी सदस्य तुलसी पटेल, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष विनय अग्रवाल, रामगढ़ चेंबर अध्यक्ष मंजीत साहनी और सचिव मनोज चतुर्वेदी समेत कई उद्यमी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान उद्यमियों ने बताया कि इंडस्ट्रियल एरिया में सड़क, बिजली, पानी और ड्रेनेज जैसी मूलभूत सुविधाओं की भारी कमी है। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए पुलिस पिकेट की मांग भी उठाई। उद्यमियों का कहना था कि खराब सड़कों के कारण खासकर बारिश के मौसम में लोडिंग और अनलोडिंग का काम प्रभावित होता है। साथ ही अलग बिजली फीडर की व्यवस्था होने पर उत्पादन क्षमता बढ़ने की बात कही गई।

बैठक में सरकार से दीर्घकालिक औद्योगिक नीति लागू करने, सब्सिडी और प्रोत्साहन राशि का समय पर भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की गई। चेंबर प्रतिनिधियों ने कहा कि राज्य के करीब 160 औद्योगिक क्षेत्रों का सर्वे कर विस्तृत रिपोर्ट उद्योग विभाग को सौंपी जाएगी, ताकि समस्याओं के समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाए जा सकें।


