बराइबुरु सेल गेट के पास गड्ढे में गिरी कार, सवार बाल-बाल बचे



चाईबासा : किरीबुरू-बड़ाजामदा मुख्य सड़क पर बराइबुरु सेल गेट के पास मंगलवार को एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने गहरे गड्ढे में जा गिरी। हादसे के दौरान कार का एयरबैग खुल गया और वाहन स्किड होकर गड्ढे में पहुंच गया। राहत की बात रही कि कार में सवार सभी लोग सुरक्षित हैं और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।


जानकारी के अनुसार, कार किरीबुरू से बड़ाजामदा की ओर जा रही थी। वाहन बोलानी के जनरल असिस्टेंट मैनेजर चला रहे थे। बराइबुरु सेल गेट के पास अचानक उनके सिर में चक्कर आया, जिससे कार पर नियंत्रण नहीं रहा और वह सड़क पर फिसलते हुए गहरे गड्ढे में गिर गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। गड्ढे में गिरने से कार को काफी नुकसान हुआ। स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे बने गहरे गड्ढे को दुर्घटना संभावित बताते हुए संबंधित विभाग से सुरक्षा के इंतजाम करने की मांग की।


