दिनदहाड़े कारोबारी की गोली मारकर हत्या, वारदात से फैली दहशत



लोहरदगा : शहर के सेरेंगहातू इलाके में सोमवार सुबह एक सैलून में बैठे व्यवसायी नरेश साहू उर्फ शिबू साहू (48) की बाइक सवार तीन अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना सुबह करीब 8:30 बजे हुई। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों हमलावर एक ही बाइक से दतरी की ओर फरार हो गए। घायल व्यवसायी को तत्काल सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक सोवरन टोली, कॉलेज रोड के रहने वाले थे और छड़-सीमेंट के कारोबार के साथ जमीन के व्यवसाय से भी जुड़े थे।जानकारी के अनुसार, नरेश साहू अपने पिता की बरखी के लिए बाल-दाढ़ी बनवाने सैलून पहुंचे थे। जैसे ही वह कुर्सी पर बैठे, एक अपराधी अंदर घुसा और कनपटी पर पिस्टल सटाकर गोली मार दी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर सैलून संचालक समेत एक अन्य व्यक्ति को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। पुलिस अधीक्षक हारिस बिन जमा ने बताया कि सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। स्थानीय लोगों का मानना है कि हत्या के पीछे जमीन विवाद की आशंका हो सकती है, हालांकि पुलिस अभी सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।




