150 महिलाओं को मिलेगा बड़ा मौका, तीन साल में करोड़पति बनाने का मेगा प्लान शुरू



रांची : झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) और आईआईएम कोलकाता इनोवेशन पार्क के संयुक्त सहयोग से झारखंड इंक्यूबेटर प्रोग्राम की शुरुआत की गई। प्रोजेक्ट भवन सचिवालय में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने किया। तीन वर्षों तक चलने वाले इस कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को सफल उद्यमी बनाना है। इसके तहत 150 चयनित महिला सूक्ष्म एवं नैनो उद्यमों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा, जबकि जेएसएलपीएस से जुड़े 1.54 लाख से अधिक उद्यमों को भी सहयोग मिलेगा। राज्य स्तर पर रांची में सेंट्रल हब और पांच प्रमंडलों में स्पोक सेंटर विकसित किए जाएंगे, जो प्रखंड स्तर तक उद्यमिता सहायता उपलब्ध कराएंगे।


कार्यक्रम के दौरान हैंडलूम क्लस्टर वेब पोर्टल का भी शुभारंभ किया गया, जिससे महिला उद्यमियों, बुनकर समूहों और अन्य हितधारकों को डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से बाजार और सेवाओं से जोड़ा जाएगा। मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि यह पहल महिलाओं को लखपति से करोड़पति बनने की दिशा में आगे बढ़ाने में मदद करेगी। वहीं, ग्रामीण विकास सचिव मनोज कुमार ने कहा कि आईआईएम कोलकाता इनोवेशन पार्क के सहयोग से महिला उद्यमियों को बेहतर मार्गदर्शन और व्यवसाय विस्तार के नए अवसर मिलेंगे। कार्यक्रम में जेएसएलपीएस के सीईओ अनन्य मित्तल, झारक्राफ्ट की निदेशक गरिमा सिंह, अटल इनोवेशन मिशन के प्रोग्राम डायरेक्टर हिमांशु जोशी सहित कई अधिकारी और विशेषज्ञ मौजूद रहे।


