कपाली में 16.50 लाख रुपये की ब्राउन शुगर बरामद, तीन ड्रग तस्कर गिरफ्तार


Saraikela : सरायकेला पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कपाली ओपी क्षेत्र से भारी मात्रा में ब्राउन शुगर बरामद की है। पुलिस के अनुसार जब्त मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 16.50 लाख रुपये आंकी गई है।

निधि द्विवेदी के निर्देश पर चलाए गए विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बंधुगोड़ा स्थित इम्तियाज खान के मकान में नशे का कारोबार संचालित किया जा रहा है। सूचना के आधार पर गठित विशेष टीम ने छापेमारी कर 82.80 ग्राम ब्राउन शुगर की 679 पुड़िया बरामद की।
मौके से पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान महाराज अली, असगर अली और शबनम प्रवीन के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार महाराज अली का पुराना आपराधिक इतिहास भी सामने आया है और वह आरआईटी थाना क्षेत्र में वांछित रहा है।
जांच में पता चला है कि तीनों आरोपी किराएदार बनकर उक्त मकान में रह रहे थे और वहीं से नशे के कारोबार का नेटवर्क संचालित कर रहे थे। पुलिस ने सभी आरोपियों की बायोमेट्रिक जांच और फिंगरप्रिंटिंग की प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस अब इस गिरोह के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की जांच कर रही है, ताकि नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक भी पहुंचा जा सके।


