ब्रेन मलेरिया का कहर, पोटका पहुंची केंद्रीय टीम ने शुरू की जांच

जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम के पोटका प्रखंड में बढ़ते ब्रेन मलेरिया के मामलों को देखते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य टीम ने क्षेत्र का दौरा कर स्थिति की समीक्षा की। पांच सदस्यीय टीम ने पोटका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), खासमहल स्थित सदर अस्पताल और प्रभावित गांवों का निरीक्षण किया। टीम ने मरीजों की स्थिति, जांच की रफ्तार, दवा वितरण और स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। प्रभावित क्षेत्रों में लोगों से बातचीत कर मलेरिया से बचाव के उपायों और मच्छरदानी के उपयोग की भी जानकारी जुटाई गई।

केंद्रीय टीम ने पोटका के प्रभावित इलाकों में स्वास्थ्य विभाग की तैयारियों का जायजा लिया। वहीं, जिले में ब्रेन मलेरिया के मामलों को लेकर प्रशासन ने भी जांच और निगरानी बढ़ा दी है। पोटका में संक्रमण के बढ़ते मामलों के बाद विशेष स्वास्थ्य अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें जांच, दवा वितरण और लोगों को जागरूक करने का काम किया जा रहा है।स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, पोटका सहित पूर्वी सिंहभूम जिले में मलेरिया के मामलों की पहचान के लिए लगातार स्क्रीनिंग अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासन का लक्ष्य समय पर मरीजों की पहचान कर इलाज उपलब्ध कराना और संक्रमण के प्रसार को रोकना है।


