जनशताब्दी एक्सप्रेस से लापता जन सुराज के मीडिया मैनेजर का शव बरामद

अनगड़ा (रांची) : जनशताब्दी एक्सप्रेस (रांची-पटना) से लापता जन सुराज पार्टी के डिजिटल मीडिया मैनेजर देवपालिक गुप्ता का शव मंगलवार को अनगड़ा थाना क्षेत्र के बरवादाग के पास झाड़ियों से बरामद किया गया। संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गयी और मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गयी। पुलिस हत्या या दुर्घटना सहित सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुशीनगर (यूपी) निवासी 31 वर्षीय देवपालिक गुप्ता 26 अक्टूबर को अपने साथियों के साथ रांची से पटना जाने के लिए जनशताब्दी एक्सप्रेस में सवार हुए थे। दोपहर करीब 3 बजे मुरी स्टेशन से पहले वह ट्रेन की पेंट्री कार की ओर गये थे, जिसके बाद से लापता हो गये। उनके गायब होने के बाद परिजनों और साथियों ने आरपीएफ व जीआरपी में शिकायत दर्ज करायी थी और पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाये थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए अनगड़ा थाना प्रभारी गौतम रजवार ने युवक की तलाश में मदद करने या उसके बारे में जानकारी देने वाले को 10 हजार रुपये का नकद इनाम देने की घोषणा भी की थी।
मंगलवार को बरवादाग के पास झाड़ियों में शव मिलने की सूचना पर अनगड़ा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। थाना प्रभारी के अनुसार, मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस अनुसंधान के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की गहन छानबीन में जुटी है।


