20 साल पुराने SBI घोटाले में CBI का बड़ा एक्शन, दो फरार आरोपी गिरफ्तार कर मचा हड़कंप






धनबाद : एसबीआई बैंक घोटाले के एक पुराने मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने बड़ी सफलता हासिल की है। करीब 20 साल से फरार चल रहे दो आरोपियों को सीबीआई की टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई धनबाद स्थित सीबीआई की भ्रष्टाचार निरोधक शाखा (ACB) द्वारा की गई है, जिससे मामले में लंबे समय से चल रही जांच को नई गति मिली है.


जानकारी के अनुसार, यह मामला वर्ष 2005 में दर्ज हुआ था, जिसमें 2002 से 2005 के बीच स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की धनबाद मुख्य शाखा से लगभग 1.25 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी और गबन का आरोप है। जांच के दौरान कई वित्तीय अनियमितताओं और फर्जीवाड़े की बात सामने आई थी, जिसके बाद कई आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया था।सीबीआई के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी लंबे समय से अलग-अलग राज्यों में छिपकर रह रहे थे और अपनी पहचान बदलकर गिरफ्तारी से बचते रहे। टीम ने तकनीकी निगरानी और सूचना तंत्र के आधार पर उनकी लोकेशन ट्रेस कर अलग-अलग जगहों से उन्हें पकड़ लिया। अब दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.


