वैष्णो देवी समेत कई धार्मिक स्थलों का भ्रमण कर लौटे करीब दो सौ श्रद्धालु

मोहम्मदगंज (पलामू) : पिछले एक सप्ताह से देश के विभिन्न धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों के भ्रमण पर निकले मोहम्मदगंज के सैलानियों का जत्था बुधवार की रात सकुशल घर लौट आया। दो चरणों में करीब दो सौ श्रद्धालु यात्रा पर निकले थे। एक जत्था 17 सितंबर और दूसरा 18 सितंबर को मोहम्मदगंज से रवाना हुआ था। श्रद्धालुओं ने माता वैष्णो देवी के दर्शन के बाद उत्तराखंड की वादियों में स्थित कई धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण किया। बुधवार को श्रद्धालु बरेली स्टेशन पहुंचे और वहां से आनंद विहार-पुरुलिया एक्सप्रेस से मोहम्मदगंज के लिए रवाना हुए।


जत्थे का नेतृत्व कर रहे शिक्षक सतेंद्र कुमार और व्यवसायी नीरज कुमार अग्रवाल ने बताया कि सभी श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित और खुशनुमा माहौल में पूरी हुई। यात्रा के दौरान मोहम्मदगंज की खुशहाली और प्रगति के साथ सभी के स्वस्थ रहने की कामना की गई। श्रद्धालुओं ने यात्रा को सुखद अनुभव बताते हुए कहा कि इससे उन्हें मन की शांति और नई ऊर्जा मिली। मोहम्मदगंज से पिछले 12 वर्षों से देश के विभिन्न धार्मिक, पौराणिक और ऐतिहासिक स्थलों के भ्रमण की परंपरा चल रही है। इसमें शिक्षक, छात्र, व्यवसायी, मजदूर और किसान समेत अन्य लोग हिस्सा लेते हैं और महिलाओं की भी बड़ी संख्या में भागीदारी रहती है। हर वर्ष श्रद्धालुओं के लिए एक सप्ताह का टूर प्रोग्राम तय किया जाता है।
12 वर्ष पूर्व इस भ्रमण की शुरुआत करने वालों में व्यवसायी दिनेश कुमार, बिनोद सोनी, कुंदन कुमार, रविनंदन, दीपुलाल अग्रवाल और नागेंद्र प्रसाद समेत अन्य लोग शामिल थे। शुरुआत में यात्रियों की संख्या सीमित थी, लेकिन धीरे-धीरे इसमें बढ़ोतरी हुई। इस वर्ष पहली बार करीब दो सौ सैलानियों का जत्था भ्रमण कर वापस लौटा है। यात्रा में शामिल लोगों के अनुसार सितंबर माह को सफर के लिए सुरक्षित और अनुकूल माना जाता है, क्योंकि इस दौरान वर्षा ऋतु का असर कम होने लगता है और गर्मी से भी राहत मिलती है।


