OPS की मांग को लेकर रिम्स कर्मचारियों ने किया आंदोलन का ऐलान, 29 सितंबर को धरना-प्रदर्शन

रांची : रिम्स अराजपत्रित कर्मचारी संघ ने राज्य सरकार के कर्मचारियों की तर्ज पर रिम्स के अराजपत्रित कर्मचारियों को भी एनपीएस के स्थान पर पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) में शामिल करने की मांग को लेकर आंदोलन की घोषणा की है। संघ ने रिम्स निदेशक को पत्र देकर आंदोलन के कार्यक्रम की जानकारी दी है। संघ के अनुसार, ओपीएस लागू करने के लिए पहले भी कई बार आवेदन दिए गए हैं और रिम्स शासी परिषद की बैठकों में इस संबंध में निर्णय लिए जाने के बावजूद करीब चार वर्षों से मामला लंबित है।


संघ का कहना है कि मामले में देरी के दौरान कई कर्मचारी सेवानिवृत्त हो चुके हैं, जबकि कुछ कर्मचारियों की मृत्यु भी हो चुकी है। संघ ने दावा किया कि ओपीएस जैसी सामाजिक सुरक्षा का लाभ नहीं मिलने के कारण सेवानिवृत्त कर्मचारियों को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। कर्मचारियों ने सरकार और रिम्स प्रबंधन से मामले का जल्द समाधान कर ओपीएस का लाभ देने की मांग की है।
आंदोलन के तहत 24 से 28 सितंबर तक कर्मचारी काला बिल्ला लगाकर काम करेंगे। इसके बाद 29 सितंबर को रिम्स प्रशासनिक भवन के सामने धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। संघ ने कहा है कि मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रखा जाएगा।


