करीब 50 हजार आबादी रहेगी प्रभावित, साढ़े छह घंटे तक बंद रहेगी बिजली

रांची : झारखंड बिजली वितरण निगम की ओर से रखरखाव, मरम्मत और पेड़ों की डालियों की छंटाई समेत विभिन्न कार्यों के कारण रविवार को शहर के कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बंद रहेगी। आठ फीडरों से जुड़े क्षेत्रों में अलग-अलग समय पर एक से साढ़े छह घंटे तक बिजली नहीं मिलेगी। इससे करीब 50 हजार आबादी प्रभावित होगी। 11 केवी हिंदपीढ़ी फीडर से सुबह 10 से शाम चार बजे तक नाला रोड, गुरुनानक स्कूल और आसपास के इलाकों में आपूर्ति बंद रहेगी। यहां एलटी केबल से संबंधित काम किया जाएगा। तुपुदाना पावर सब स्टेशन से जुड़े 11 केवी हटिया फीडर के अपर हटिया, नीचे हटिया, रिवर व्यू कॉलोनी और एकता नगर में दिन के 11 से एक बजे तक पेड़ों की डालियों की छंटाई के कारण बिजली नहीं रहेगी। 11 केवी अलकापुरी फीडर से जुड़े अलकाकपुरी, डिबड़ीह, दाऊदनगर, न्यू पुंदाग और भगत कोचा में सुबह साढ़े आठ से साढ़े नौ बजे तक आपूर्ति बंद रहेगी। हटिया-हरमू लाइन से जुड़े 33 केवी ओवरहेड को चालू करने के लिए किशोरगंज, हरमू हाउसिंग कॉलोनी, विद्यानगर, हिंदपीढ़ी और नेजामनगर में दिन के दस से दोपहर 12 बजे तक बिजली बंद रहेगी।


कोकर विद्युत आपूर्ति प्रमंडल से जुड़े कृष्णापुरी रोड नंबर 5, 8-9, नामुम, अमेठिया नगर, बैंक कॉलोनी, धोबी घाट, सरहुल नगर, मोरहाबादी सब्जी बाजार और जतराटांड़ समेत विभिन्न क्षेत्रों में 10 से शाम 4:30 बजे तक बिजली नहीं रहेगी। कोकर और इलाही बख्श कॉलोनी में 10 से 4 बजे तथा टैगोर हिल के आसपास और ललित मुंडा कॉलोनी में 10 से दो बजे तक आपूर्ति बंद रहेगी। इस दौरान एलटी वायर को कवर्ड वायर में बदलने का काम होगा। ओरमांझी में चायबागान पावर सब स्टेशन से जुड़े 11 केवी बारीडही फीडर में व्हीसीबी लगाने के लिए सुबह 10 से दोपहर एक बजे तक बारीडीह, आनंदी, नकवाटोली, जरा टोली, पारपांचा, हतवल और आसपास के इलाकों में बिजली नहीं मिलेगी।
ओरमांझी के सिरडो पावर सब स्टेशन से जुड़े 11 केवी बूटी फीडर में रखरखाव एवं निर्माण कार्य के कारण दिन के 11 से दोपहर दो बजे तक बूटी बस्ती, सैनिक कॉलोनी, बूटी मोड़, महावीर नगर, हनुमान नगर और डुमरदगा में बिजली आपूर्ति बंद रहेगी। वहीं डोरंडा डिवीजन से जुड़े 11 केवी कुसई और बिरसा फीडर दिन के 2 से शाम 4:30 बजे तक बंद रहेंगे। इसके कारण कुसई कॉलोनी, छप्पन सेट, बिरसा चौक, हवाई नगर और आसपास के इलाकों में बिजली की आपूर्ति नहीं होगी।


