रानीहारा डैम का करीब 40 फीट बांध टूटा, फसलें डूबीं और करीब 22 हजार लोग प्रभावित

रांची : सिल्ली प्रखंड की गोंडाडीह पंचायत के खैरबेड़ा के पास स्थित रानीहारा डैम का बांध शनिवार को लगभग 40 फीट टूट गया। तेज बहाव के साथ पानी आसपास के गांवों में घुस गया, जिससे सैकड़ों किसानों की फसलें डूब गयीं और उपजाऊ मिट्टी बह गयी। खैरबेड़ा, बाह्मानी, गोंडाडीह नायकटोला, पेंटोला, बांसटोला, सातपालु, सीधाबगाना और पलासडीह समेत आसपास के क्षेत्र प्रभावित हुए हैं। कई मवेशी, बड़ी संख्या में बत्तखें और हजारों की मछलियां भी बह गयीं। पांच गांवों के करीब 22 हजार लोग प्रभावित हुए हैं। पिछले दिनों हुई भारी बारिश से डैम लबालब भर गया था और इसके टूटने की आशंका पहले से थी।

डैम का बांध टूटने से खैरबेड़ा में प्रयाग बेदिया, सोमरा मुंडा, रामधन मुंडा और सोखा महतो के घरों में पानी भर गया। सातपालु में तपेश्वर महतो, धीरेंद्र महतो, देवेंद्र महतो और संतोष महतो के घर भी पानी की चपेट में आ गये। ग्रामीणों के अनुसार, वर्ष 2010-11 में जल संसाधन विभाग ने करोड़ों रुपये की लागत से डैम का निर्माण कराया था। पूर्व मुखिया डब्लू महली समेत ग्रामीणों ने सिल्ली प्रशासन और बीडीओ को घटना की जानकारी दी।
इसके बाद गोंडाडीह मुखिया सावन देवी, सुखराम बेदिया, सुभाष महतो, श्रीधर महतो और मुरलीधर घटवार समेत कई ग्रामीणों ने प्रभावित इलाकों का जायजा लिया। पानी भरने से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से प्रभावित लोगों को तत्काल मुआवजा देने की मांग की है।


