दो महीने में करीब 10 हजार नए घरेलू पीएनजी कनेक्शन, रोजाना 100 से 170 घर जुड़ रहे

रांची : शहर में पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) का नेटवर्क तेजी से बढ़ रहा है। गेल के मुताबिक, पिछले दो महीने में करीब 10 हजार नए घरेलू पीएनजी कनेक्शन दिए गए हैं। फिलहाल रोजाना औसतन 100 से 170 घरों में नए कनेक्शन दिए जा रहे हैं। अलग-अलग इलाकों में पाइपलाइन का विस्तार होने के साथ उपभोक्ताओं की संख्या भी लगातार बढ़ रही है।


गेल ने पीएनजी आपूर्ति के लिए शहर में करीब 800 किलोमीटर का पाइपलाइन नेटवर्क तैयार किया है। इसमें पिछले छह महीने के दौरान करीब 300 किलोमीटर नई पाइपलाइन बिछाई गई है। इसके जरिए नए इलाकों को गैस नेटवर्क से जोड़ा जा रहा है। कंपनी उन क्षेत्रों में नेटवर्क बढ़ाने पर ध्यान दे रही है, जहां घरेलू उपभोक्ताओं की संख्या तेजी से बढ़ने की संभावना है।
कांके इलाके में पाइपलाइन विस्तार का काम लगभग पूरा हो चुका है, जबकि कटहल मोड़, लालपुर समेत अन्य इलाकों में काम जारी है। पाइपलाइन बिछने के बाद इन क्षेत्रों में घरों तक कनेक्शन देने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। पीएनजी कनेक्शन बढ़ने से घरेलू उपभोक्ताओं को रसोई गैस का एक वैकल्पिक माध्यम मिल रहा है और पाइपलाइन से सीधे गैस मिलने पर सिलेंडर की बुकिंग और डिलीवरी की जरूरत नहीं रहती।


