वेल्लोर में बनेगा झारखंड भवन, सरकार को मिली 1.25 एकड़ जमीन

Advertisements

रांची : तमिलनाडु के वेल्लोर में झारखंड भवन बनाने का रास्ता साफ हो गया है. झारखंड सरकार को वहां 1.25 एकड़ जमीन मिल गयी है. अब अन्य जरूरी क्लीयरेंस मिलने के बाद भवन निर्माण शुरू किया जायेगा. इस भवन से उन मरीजों और उनके परिजनों को राहत मिलने की उम्मीद है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए वेल्लोर जाना पड़ता है. वेल्लोर स्थित क्रिश्चियन मेडिकल कॉलेज (सीएमसी) में झारखंड से बड़ी संख्या में मरीज गंभीर बीमारियों का इलाज कराने पहुंचते हैं. फिलहाल उन्हें रहने के लिए होटल, लॉज और अन्य निजी आवासीय विकल्पों पर निर्भर रहना पड़ता है, जिससे लंबे इलाज के दौरान परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ जाता है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दो वर्ष पूर्व भवन निर्माण विभाग को वहां झारखंड भवन बनाने की दिशा में काम करने का निर्देश दिया था.

Advertisements
https://bashisthaonline.in
Advertisements
Advertisements

प्रस्तावित भवन का उद्देश्य राज्य से बाहर इलाज कराने जाने वाले मरीजों और उनके परिजनों को ठहरने के लिए कम खर्चीला विकल्प उपलब्ध कराना है. गंभीर बीमारियों में जांच, ऑपरेशन और उसके बाद देखभाल के लिए लंबे समय तक रुकना पड़ सकता है. सरकारी भवन की सुविधा मिलने से मरीजों के परिजनों को आवास पर होने वाला खर्च कम करने में मदद मिल सकती है और वे इलाज पर अधिक ध्यान दे सकेंगे.

वेल्लोर के अलावा नवी मुंबई के वाशी इलाके में भी झारखंड भवन बनाने की तैयारी चल रही है. वहां करीब 136 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक सुविधाओं से युक्त भवन बनाया जायेगा. वाशी के सेक्टर 30 ए में प्लॉट नंबर 2 सी पर सरकार को 63.65 डिसमिल जमीन मिली है. निर्माण से पहले जरूरी क्लीयरेंस की प्रक्रिया चल रही है और मंजूरी मिलते ही काम शुरू किया जायेगा. वहीं, हैदराबाद में भी झारखंड भवन के लिए जमीन तलाश की जा रही है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंथ रेड्डी से इस संबंध में बातचीत की है. सरकार गाचीबावली स्थित एआइजी हॉस्पिटल के आसपास एक से डेढ़ एकड़ जमीन तलाश रही है, जहां झारखंड से बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए जाते हैं.

About The Author

You may have missed