हर बारिश में तालाब बन रहा इलाका, 10 दिन में समाधान नहीं तो करनडीह मुख्य सड़क जाम की चेतावनी

जमशेदपुर : करनडीह में वर्षों से चली आ रही जलजमाव की समस्या अब आंदोलन का रूप लेने लगी है। जर्जर नालियों और बदहाल जल निकासी व्यवस्था से परेशान ग्रामीणों और फ्लैटवासियों ने 10 दिनों के भीतर स्थायी समाधान की मांग की है। रविवार को करनडीह सरजामटोला अखड़ा में माझी बाबा सालखू माझी की अध्यक्षता में ग्रामसभा हुई, जिसमें करनडीह के सभी 10 टोलों के अलावा परसुडीह-प्रमथनगर क्षेत्र के विभिन्न फ्लैटों के लोग भी शामिल हुए। ग्रामसभा में स्पष्ट किया गया कि तय समय में समाधान नहीं हुआ तो करनडीह मुख्य सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।


बैठक में करनडीह फाटक के पास लंबे समय से बनी जलजमाव की समस्या और जर्जर नालियों की स्थिति पर चर्चा हुई। लोगों का कहना है कि समुचित जल निकासी नहीं होने से बारिश के दिनों में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित होता है। ग्रामीण और फ्लैटवासी सोमवार को माझी बाबा सालखू सोरेन के नेतृत्व में बीडीओ और सीओ से मिलकर ज्ञापन सौंपेंगे और 10 दिनों के भीतर स्थायी समाधान की मांग करेंगे।
ग्रामीणों ने पुराने जल निकासी मार्ग को फिर से खोलने की भी मांग की है। उनका कहना है कि पहले जिस रास्ते और नाले से बारिश का पानी आसानी से निकल जाता था, वह अब बंद हो चुका है, जिससे समस्या और गंभीर हो गई है। लोगों ने प्रशासन पर केवल बैठकों के जरिए औपचारिकता निभाने का आरोप लगाया और चेतावनी दी कि समाधान नहीं मिलने पर सड़क जाम कर आंदोलन किया जाएगा।


