अनंत सिंह की बेटी की शादी में उमड़े मेहमान, घुड़दौड़ से लेकर हेलीकॉप्टर से पहुंचे VIP तक की रही चर्चा

पटना : मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी बुधवार को उनके पैतृक गांव नदवां में आयोजित हो रही है। शिवांगी की शादी बिहटा के रहने वाले ऋषिकेश कुमार से हो रही है। ऋषिकेश की पढ़ाई अमेरिका में हुई है और वह वहीं नौकरी करते हैं। शादी समारोह से पहले गांव में घुड़दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसके विजेता को महिंद्रा थार गाड़ी इनाम में देने की घोषणा की गई। प्रतियोगिता में बिहार समेत देश के अलग-अलग राज्यों से करीब तीन दर्जन घुड़सवार पहुंचे, जबकि इसे देखने के लिए 10 हजार से अधिक लोग मैदान में जुटे।

शादी समारोह में मेहमानों के लिए करीब 4 लाख लोगों के भोजन की व्यवस्था की गई है। आयोजन में शामिल होने के लिए केंद्रीय मंत्री ललन सिंह, पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह और साधु यादव समेत कई मेहमान पहुंचे। बृजभूषण शरण सिंह हेलीकॉप्टर से नदवां पहुंचे। समारोह में भोजपुरी कलाकार पवन सिंह, अक्षरा सिंह और खेसारी लाल यादव को भी निमंत्रण दिए जाने की बात अनंत सिंह ने कही थी। शादी में विशाल पंडाल, विशेष सजावट और मेहमानों के स्वागत के इंतजाम किए गए हैं। बारिश के कारण तैयारियों में परेशानी आई थी, लेकिन आयोजन से पहले मैदान और हेलीपैड तैयार कर लिए गए।


