जुआ मामले में गिरफ्तार सभी 15 आरोपियों को अदालत से जमानत

जमशेदपुर : बिरसानगर के प्रकाश नगर स्थित नारायणी कॉम्प्लेक्स में कथित जुआ अड्डे पर छापेमारी के बाद गिरफ्तार किये गये सभी 15 आरोपियों को मंगलवार को अदालत से जमानत मिल गई। पुलिस ने रविवार की रात कार्रवाई के दौरान मौके से 7.65 लाख रुपये नकद, 16 मोबाइल फोन और ताश के तीन बंडल जब्त किये थे। प्रथम न्यायिक दंडाधिकारी अर्पणा कुमारी की अदालत ने सभी आरोपियों को जमानत दी। बचाव पक्ष की ओर से अधिवक्ता गौरव पाठक और संजय सिंह ने पैरवी की।


पुलिस के अनुसार, नारायणी कॉम्प्लेक्स में जुआ खेले जाने की शिकायत स्थानीय लोगों ने की थी। इसके आधार पर बिरसानगर पुलिस ने छापेमारी कर 15 लोगों को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार आरोपियों में आदित्यपुर निवासी प्रवीन कुमार सिंह, विमलेश सिंह, अर्जुन महतो, रंजीत महतो, पप्पू शर्मा उर्फ राम प्रकाश और निरंजन श्रीवास्तव शामिल हैं। इनके अलावा कदमा निवासी राजेश कुमार और राजा मंडल, टेल्को निवासी अनिरुद्ध सिंह, जुगसलाई निवासी हरिलाल गुप्ता, आजादनगर निवासी आफताब आलम, बिरसानगर निवासी प्रीतपाल सिंह (कथित संचालक), बाराद्वारी निवासी रवि कुमार गुप्ता, लोको कॉलोनी परसुडीह निवासी मिथुन कुमार और सीतारामडेरा निवासी आकाश मुंडा को भी गिरफ्तार किया गया था।
सभी 15 आरोपियों को जमानत मिलने के बाद मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी रहेगी। छापेमारी के दौरान जब्त नकदी, मोबाइल फोन और ताश के बंडल इस मामले में पुलिस की कार्रवाई का हिस्सा हैं।


