प्रेमिका से विवाद के बाद युवक ने खुद को चाकू से किया घायल, रेलवे लाइन के पास मिला लहूलुहान






जमशेदपुर : गोविंदपुर थाना क्षेत्र के सलगाझरी के पास शुक्रवार सुबह प्रेमिका से विवाद के बाद राहरगोड़ा क्रिश्चियन टोला निवासी विजय टोप्पो ने खुद को चाकू से घायल कर लिया। इसके बाद वह रेलवे लाइन के पास चला गया। स्थानीय लोगों ने उसे लहूलुहान हालत में देखा और रेलवे लाइन से किनारे किया। सूचना मिलने पर गोविंदपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा, जहां उसका उपचार चल रहा है।जानकारी के अनुसार विजय टोप्पो पहले टाटा मोटर्स में स्थायी कर्मचारी था और बाद में वीआरएस ले चुका था। वह शादीशुदा है और उसके बच्चे भी हैं, हालांकि पत्नी और बच्चे उसके साथ नहीं रहते। बताया गया कि उसका सरजामदा की एक युवती से प्रेम संबंध है। गुरुवार को वह चाकू लेकर युवती के घर गया था, जहां विवाद होने के बाद युवती के परिजनों और आसपास के लोगों ने उसे वहां से भगा दिया था।


शुक्रवार सुबह युवती सलगाझरी के पास अकेली जा रही थी, तभी विजय ने उसे रोककर शादी के लिए दबाव बनाया। युवती ने इसका विरोध किया, जिसके बाद विजय ने खुद को चाकू से घायल कर लिया और रेलवे लाइन की ओर चला गया। पुलिस के अनुसार मामले की जांच की जा रही है और फिलहाल घायल युवक का सदर अस्पताल में इलाज जारी है।


