ट्यूशन के लिए निकला 16 साल का ऋषभ लापता, प्रयागराज जाने की कर रहा था बात






जमशेदपुर : उलीडीह थाना क्षेत्र के शंकोसाई रोड नंबर 5 निवासी 16 वर्षीय ऋषभ कुमार गुरुवार दोपहर करीब 3 बजे घर से ट्यूशन जाने के लिए निकला और फिर वापस नहीं लौटा। उसका ट्यूशन घर से महज करीब 50 मीटर दूर है। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने पहले उसके दोस्तों और रिश्तेदारों से जानकारी ली, फिर बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर भी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला।


लगातार खोजबीन के बाद ऋषभ के पिता ने उलीडीह थाने में गुमशुदगी का सनहा दर्ज कराया। परिजनों ने पुलिस को बताया कि घर से निकलते समय ऋषभ ने सफेद टी-शर्ट और जींस पहन रखी थी। परिवार के अनुसार, ट्यूशन के लिए निकलने से पहले वह प्रयागराज जाने की बात भी कर रहा था। उसके अचानक लापता होने से परिवार के लोग चिंतित हैं।
पुलिस ने मामला दर्ज कर ऋषभ की तलाश शुरू कर दी है। आसपास के रास्तों और सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है, ताकि उसके बारे में कोई सुराग मिल सके। फिलहाल परिजन उसके सकुशल घर लौटने का इंतजार कर रहे हैं।


