प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हरिभंजा को 5 लाख रुपये तथा सभी उप स्वास्थ्य केंद्रों को 2-2 लाख रुपये आवंटित किए जाने के बाद उसमें गड़बड़ी का आरोप, एसडीओ ने की जांच, सोमवार को दोबारा होगी जांच



Saraikela :खरसावां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का शनिवार को सरायकेला अनुमंडल पदाधिकारी अभिनव प्रकाश ने निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न रजिस्टरों और अभिलेखों की जांच की. यह जांच जिला उपायुक्त को मिली अनियमितता की शिकायत के बाद गठित जांच कमेटी के निर्देश पर की गई. एसडीओ अभिनव प्रकाश ने बताया कि शिकायत में खरसावां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को 10 लाख रुपये, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हरिभंजा को 5 लाख रुपये तथा सभी उप स्वास्थ्य केंद्रों को 2-2 लाख रुपये आवंटित किए जाने के बाद उसमें गड़बड़ी का आरोप लगाया गया था. शिकायत मिलने के बाद जिला उपायुक्त के माध्यम से जांच कमेटी का गठन किया गया.
उन्होंने बताया कि शनिवार को जांच के दौरान सभी संबंधित रजिस्टरों की जांच की गई. जांच में कुछ स्टॉक रजिस्टरों का सही ढंग से संधारण नहीं किया जाना पाया गया है. संबंधित कर्मियों को आवश्यक सुधार के लिए दो दिनों का समय दिया गया है. सोमवार को दोबारा रजिस्टरों और अभिलेखों की जांच की जाएगी. एसडीओ ने कहा कि शिकायतकर्ता को भी नोटिस जारी कर जांच के लिए बुलाया जाएगा. शिकायत, दस्तावेजों और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच पूरी होने के बाद ही मामले में स्थिति स्पष्ट होगी.




