नर्सिंग इस्पात कंपनी में काम के दौरान एक मजदूर का पैर कटा, टीएमएच में भर्ती


Saraikela : सरायकेला जिले के चौका थाना क्षेत्र अंतर्गत खूंटी स्थित नर्सिंग इस्पात लिमिटेड में रविवार सुबह करीब 10 बजे एक दर्दनाक हादसे की सूचना सामने आई है. इस घटना में एक मजदूर का पैर कटने की बात कही जा रही है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, घायल मजदूर की पहचान तुड़कतुका गांव निवासी चंपई सोरेन के रूप में हुई है, जो वर्तमान में गम्हरिया में रहकर फैक्ट्री में कार्यरत था. हादसे के बाद घायल को तत्काल जमशेदपुर स्थित टीएमएच अस्पताल में भर्ती कराया गया है. फैक्ट्री प्रबंधन की ओर से मामले को लेकर कहा गया कि स्थिति गंभीर नहीं है, हालांकि मजदूरों का दावा है कि घायल की हालत गंभीर है और पैर बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हुआ है.
जानकारी छिपाने का आरोप
स्थानीय लोगों और मजदूरों का आरोप है कि घटना के बाद प्रबंधन द्वारा न तो स्थानीय थाना को सूचना दी गई और न ही श्रम विभाग को जानकारी दी गई है. मजदूरों का कहना है कि फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण यह हादसा हुआ.
बताया जा रहा है कि ठेका पर काम करने वाले मजदूरों के पास न ईएसआई सुविधा है और न ही बीमा कवर, जिससे उनकी सुरक्षा और भविष्य दोनों जोखिम में हैं. घटना के बाद फैक्ट्री में काम कर रहे अन्य मजदूरों में नाराजगी देखी जा रही है. उनका कहना है कि इस तरह की घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं, लेकिन प्रबंधन द्वारा अक्सर मामले को दबा दिया जाता है. मजदूर संगठनों ने श्रम अधीक्षक और फैक्ट्री इंस्पेक्टर से पूरे मामले की जांच की मांग की है. साथ ही घायल मजदूर को उचित मुआवजा, बेहतर इलाज और फैक्ट्री में सुरक्षा ऑडिट कराने की भी मांग उठाई गई है.
वहीं चौका थाना पुलिस का कहना है कि उन्हें अभी तक लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है, शिकायत मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.



