177 करोड़ का बड़ा प्रोजेक्ट, बनेगी राज्य की पहली 10 लेन स्मार्ट रोड

रांची : झारखंड की पहली 10 लेन स्मार्ट रोड का रास्ता साफ हो गया है। करीब 177 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना का टेंडर पश्चिम बंगाल की कंपनी रामचंद्र पाल को मिला है और काम का आवंटन भी हो चुका है। निर्माण से पहले सर्वे शुरू कर दिया गया है, जिसमें स्टेट हाइवे ऑथोरिटी ऑफ झारखंड (साज) की टीम भी शामिल है। सड़क के किनारे बेंच, कुर्सियां, बैठने के लिए झोपड़ीनुमा संरचनाएं, पैदल चलने की सुविधा और पौधरोपण की व्यवस्था होगी।


यह सड़क ओल्ड विधानसभा के आगे विवेकानंद स्कूल मोड़ से जगन्नाथ मंदिर, हाइकोर्ट और विधानसभा भवन के मुख्य मार्ग से होते हुए नयासराय आरओबी तक जाएगी। विवेकानंद स्कूल मोड़ से नयासराय आरओबी तक 6.089 किलोमीटर हिस्सा सिक्स लेन होगा, जिसके दोनों ओर सर्विस रोड और टू लेन पेव्ड शोल्डर बनेगा। नयासराय आरओबी से नयासराय होते हुए रिंग रोड तक 2.12 किलोमीटर मौजूदा सड़क को चौड़ा किया जाएगा। यहां टू लेन सड़क और पेव्ड शोल्डर होगा।स्मार्ट रोड में साइकिल ट्रैक, फुटपाथ और बेहतर सर्विस रोड के साथ सोलर सिस्टम लगाया जाएगा। साइकिल ट्रैक के ऊपर सोलर पैनल होंगे, जिससे सड़क रोशन होगी। परियोजना में बेहतर गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का भी ध्यान रखा जाएगा।


