टाटा स्टील की उत्पादन क्षमता 50 मिलियन टन करने की तैयारी, महाराष्ट्र में नए प्लांट की संभावना

जमशेदपुर : टाटा स्टील आने वाले वर्षों में अपनी उत्पादन क्षमता बढ़ाकर 50 मिलियन टन करने की योजना पर काम कर रही है। कंपनी के प्रबंध निदेशक टीवी नरेंद्रन ने बताया कि महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में नया स्टील प्लांट लगाने की संभावना तलाशी जा रही है। इसके लिए महाराष्ट्र सरकार से पर्याप्त जमीन और जरूरी प्रोत्साहन मिलने पर आगे कदम उठाया जाएगा। कंपनी ने वर्ष 2030 तक करीब 40 मिलियन टन उत्पादन क्षमता हासिल करने का लक्ष्य रखा है। बिष्टुपुर के गोपाल मैदान में पत्रकारों से बातचीत के दौरान नरेंद्रन ने यह जानकारी दी। इस मौके पर टाटा स्टील के वीपी सीएस डीबी सुंदर रामम, टाटा स्टील फाउंडेशन के सीईओ सौरभ राय और कॉरपोरेट कम्युनिकेशन के चीफ सर्वेश कुमार मौजूद थे।


नरेंद्रन ने बताया कि चुनौतियों के बावजूद कंपनी की दूसरी तिमाही बेहतर रही है। मिडिल ईस्ट में युद्ध और भू-राजनीतिक अस्थिरता के कारण कंपनी को हर तिमाही करीब 1000 से 1400 करोड़ रुपये का वित्तीय प्रभाव झेलना पड़ रहा है। पिछले करीब 15 वर्षों में अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्टील की कीमत लगभग 600 डॉलर प्रति टन रही है, जबकि कोयले की कीमत 210 डॉलर से बढ़कर करीब 290 डॉलर प्रति टन हो गई है। लागत घटाने और ग्रीन स्टील उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए कंपनी नई तकनीकों और स्क्रैप आधारित प्लांट पर काम कर रही है। पंजाब सरकार के सहयोग से लुधियाना में करीब 150 एकड़ जमीन पर 3000 करोड़ रुपये के निवेश से 0.8 मिलियन टन सालाना क्षमता वाला प्लांट लगभग दो वर्षों में तैयार किया गया है। दक्षिण भारत समेत अन्य राज्यों में भी ऐसे प्लांट लगाने की संभावना तलाशी जा रही है।
जमशेदपुर में कंपनी कांबी मिल और टिनप्लेट डिवीजन की क्षमता बढ़ाने तथा नए प्लांट स्थापित करने पर ध्यान दे रही है। ओडिशा के कलिंगानगर में लगभग 6000 एकड़ और नीलाचल में करीब 3000 एकड़ जमीन उपलब्ध है। नीलाचल में 5 मिलियन टन क्षमता के विस्तार की योजना प्रस्तावित है। कंपनी एनटीटीएफ और जेएन टाटा वोकेशनल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट के माध्यम से युवाओं को तकनीकी प्रशिक्षण दे रही है और अफर्मेटिव एक्शन प्लान के तहत आदिवासी उद्यमियों को प्रोत्साहित कर रही है। नरेंद्रन ने बताया कि हिसारना और इजीमेल्ट जैसी तकनीकों से पर्यावरण अनुकूल स्टील उत्पादन की दिशा में काम हो रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भारत सरकार भी ग्रीन स्टील उत्पादन के लिए प्रोत्साहन देगी।


