91 अपराधियों पर पुलिस का शिकंजा, 54 पर सीसीए और 37 पर तड़ीपार की तैयारी

जमशेदपुर : शहर में बढ़ते अपराध और विधि-व्यवस्था की चुनौतियों से निपटने के लिए जिला पुलिस ने सक्रिय अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस ने विभिन्न आपराधिक मामलों में शामिल 91 अपराधियों को चिह्नित किया है। इनमें 54 के खिलाफ सीसीए (निरुद्धदेश) और 37 के खिलाफ तड़ीपार की कार्रवाई के लिए प्रस्ताव तैयार कर अनुशंसा की गई है। इन अपराधियों में निखार सबलोक हत्याकांड, गोलमुरी के कन्हैया यादव हत्याकांड, बिंदल मॉल फायरिंग और मानगो थाना क्षेत्र में एसआइआर कराने के नाम पर लूट समेत कई मामलों में संलिप्त आरोपी शामिल हैं।


पुलिस के निशाने पर अखिलेश सिंह गिरोह, गणेश सिंह गिरोह, बिल्ला पाठक गिरोह, कन्हैया सिंह गिरोह, रजीत-संजीत गिरोह, हरपाल एवं मनप्रीत गिरोह और मासूक मनीष गिरोह के सदस्य भी हैं। इनमें हरपाल एवं मनप्रीत गिरोह के अपराधी छिनतई की कई घटनाओं में संलिप्त बताए गए हैं। पुलिस ने थानावार भी अपराधियों को चिह्नित किया है। ओलीडीह से 12, सोनारी से 9, बागबेड़ा और जुगसलाई से 6-6 तथा सीतारामडेरा से 4 अपराधियों के खिलाफ सीसीए का प्रस्ताव है। वहीं, गोलमुरी से 7, बर्मामाइंस और आजाद नगर से 4-4 तथा सोनारी, बागबेड़ा और मानगो से 3-3 अपराधियों के खिलाफ तड़ीपार की अनुशंसा की गई है।


