पत्थर खदान में नाबालिग की मौत के बाद 4 लाख मुआवजे पर सहमति, ग्रामीणों ने हटाया जाम

जमशेदपुर : पटमदा के कमलपुर थाना क्षेत्र स्थित लायाडीह पत्थर खदान से शुक्रवार को नाबालिग कनकलता का शव मिलने के बाद मुआवजे और सुरक्षा व्यवस्था की मांग को लेकर ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया था। शनिवार को प्रशासन के साथ हुई वार्ता में मृतका के परिजनों को आपदा प्रबंधन के तहत चार लाख रुपये मुआवजा दिलाने पर सहमति बनी। इसके अलावा कमलपुर थाना प्रभारी धनंजय पासवान ने अंतिम संस्कार के लिए अपने स्तर से 20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। इन आश्वासनों के बाद ग्रामीणों ने आंदोलन समाप्त कर दिया।


कमलपुर थाना गेट के पास करीब एक घंटे तक चली वार्ता में लायाडीह स्थित पत्थर खदान की सुरक्षा को लेकर भी सहमति बनी। छठ पूजा के बाद खनन विभाग की ओर से खदान की तार से घेराबंदी कराई जाएगी। वहीं, हाईकोर्ट में लंबित मामले में न्यायालय के आदेश के अनुसार खदान को भरने की प्रक्रिया शुरू करने पर भी सहमति बनी। वार्ता में डीएसपी दयानंद कुमार के निर्देश पर जिला खनन निरीक्षक अभिजीत मजूमदार, अंचल निरीक्षक अजय कुमार मुंडा, कमलपुर थाना प्रभारी धनंजय पासवान, पटमदा थाना प्रभारी विष्णु चरण भोगता और बोड़ाम थाना प्रभारी नीरज कुमार सहित पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी मौजूद थे। आंदोलन का नेतृत्व परमेश्वर मुर्मू, सिराज मुर्मू, रवींद्र मुर्मू, उमेश हांसदा, द्विजपद मुर्मू और सोमनाथ मुर्मू आदि ने किया। दोपहर करीब साढ़े तीन बजे जाम हटने के बाद टाटा-पटमदा मुख्य सड़क पर यातायात सामान्य हो गया।


