चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ से कोल्हान में बारिश, तीन जिलों में येलो अलर्ट

जमशेदपुर : चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ और बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से जमशेदपुर समेत पूरे कोल्हान में मौसम बदल गया है। बुधवार से शुरू हुई बारिश गुरुवार को तेज हो गई। दिनभर आसमान में घने बादल छाए रहे और रुक-रुक कर तेज बारिश होती रही। मौसम विभाग ने पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में भारी बारिश, वज्रपात और तेज हवा की आशंका को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है।


लगातार बारिश से जमशेदपुर की सामान्य गतिविधियां प्रभावित हुईं। शहर की प्रमुख सड़कों पर वाहनों की आवाजाही अपेक्षाकृत कम रही और लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से निकले। टाटानगर स्टेशन रोड पर आम दिनों के मुकाबले कम भीड़ दिखी, जबकि साकची गोलचक्कर के फुटपाथ पर लगने वाली दुकानें भी बारिश के कारण नजर नहीं आईं।
मौसम केंद्र के अनुसार, अंडमान सागर से उठा मौसमी सिस्टम 23 अक्टूबर को बंगाल की खाड़ी में पहुंचा था। इसके साथ एक अन्य सिस्टम के सक्रिय होने से झारखंड के अधिकांश हिस्सों में मौसम प्रभावित रहने की संभावना है। पूर्वानुमान के मुताबिक, 30 अक्टूबर को राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और वज्रपात की आशंका है, जबकि 31 अक्टूबर को बादल छाए रहने और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है। एक नवंबर से चक्रवात ‘अर्नब’ का प्रभाव कमजोर पड़ने और बादल छंटने की उम्मीद है, लेकिन मौसम पूरी तरह साफ होने में 3 नवंबर तक का समय लग सकता है।


