पावर बैंक फटने के बाद रेलवे का फैसला, रात 11 से सुबह 5 बजे तक बंद रहेंगे चार्जिंग पॉइंट

चक्रधरपुर : बंडामुंडा के पास मुंबई-हावड़ा मेल के एक कोच में शनिवार रात पावर बैंक फटने की घटना के बाद चक्रधरपुर रेल मंडल ने यात्रियों की सुरक्षा के लिए एहतियाती कदम उठाया है। नए निर्देश के अनुसार, मंडल से गुजरने वाली ट्रेनों के सभी कोच में रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक मोबाइल चार्जिंग पॉइंट बंद रहेंगे। चक्रधरपुर रेल मंडल के सीनियर डीसीएम आदित्य चौधरी ने बताया कि इस संबंध में संबंधित स्टेशनों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।


जानकारी के अनुसार, मुंबई मेल एक्सप्रेस में एक यात्री ने अपना पावर बैंक चार्जिंग पॉइंट से जोड़ा था, तभी उसमें विस्फोट हो गया। घटना के बाद कोच में अफरा-तफरी मच गई, हालांकि किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है। सूचना मिलने पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की टीम और वाणिज्य विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। राउरकेला के आरपीएफ सहायक सुरक्षा आयुक्त एमके खान के अनुसार, टीम ने स्थिति को संभाला और संबंधित यात्री को आगे की यात्रा के लिए दूसरी बर्थ उपलब्ध कराई।


