हजारों मिट्टी की हांडियों से जगमगाया मां भवानी यूथ क्लब का पूजा पंडाल, एसपी मनोज स्वर्गियारी ने की भव्य सजावट की सराहना, पंडाल पहुंचकर एसपी ने लिया विधि-व्यवस्था का जायजा, एसडीपीओ भारद्वाज और थाना प्रभारी अंजनी सिंह भी रहे मौजूद

आदित्यपुर। मां भवानी यूथ क्लब के पूजा पंडाल में आस्था, भव्यता और आकर्षक सजावट का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। हजारों मिट्टी की हांडियों से सजा पंडाल अपनी अनोखी सजावट और जुगनुओं जैसी रोशनी से श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रहा है। इसी क्रम में जिला के पुलिस कप्तान मनोज स्वर्गियारी पूजा पंडाल पहुंचे और मां भवानी के दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने पूजा पंडाल में सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था की स्थिति का जायजा भी लिया।


पंडाल की अनूठी सजावट और हजारों मिट्टी की हांडियों से तैयार आकर्षक रोशनी को देखकर एसपी ने पूजा समिति के प्रयासों की सराहना की। त्योहार के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए विधि-व्यवस्था बनाए रखने और शांतिपूर्ण माहौल में पूजा संपन्न कराने के दृष्टिकोण से पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी महत्वपूर्ण रही।
इस अवसर पर एसडीपीओ भारद्वाज भी मौजूद रहे। वहीं, स्थानीय थाना प्रभारी अंजनी सिंह की उपस्थिति ने पूजा समिति के सदस्यों का उत्साह बढ़ाया। पूजा समिति की ओर से सभी अतिथियों को आयोजन समिति के अध्यक्ष अंबुज कुमार द्वारा माता रानी की चुनरी भेंट कर सम्मानित किया गया।
मां भवानी यूथ क्लब के पूजा पंडाल की विशेष सजावट श्रद्धालुओं के बीच आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। भक्ति और पारंपरिक कला के मेल से सजा यह पंडाल क्षेत्र में दुर्गापूजा के उत्साह को और बढ़ा रहा है।


