चार जिलों में PPP मोड पर खुलेंगे मेडिकल कॉलेज, 100 MBBS सीटों वाले कॉलेज के लिए करार

रांची : राज्य के चार जिलों में पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मोड पर मेडिकल कॉलेज खोलने की तैयारी शुरू हो गई है. स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने रिम्स में गवर्निंग बॉडी की बैठक से पहले इसकी घोषणा की. पहले चरण में खूंटी, जामताड़ा, धनबाद और गिरिडीह में मेडिकल कॉलेज खोलने की योजना है.


जामताड़ा में 100 एमबीबीएस सीटों वाला नया मेडिकल कॉलेज और 420 बेड का अस्पताल चलाया जाएगा. इसके लिए स्वास्थ्य विभाग और मनीष हॉस्पिटल प्राइवेट लिमिटेड के बीच आधिकारिक करार हुआ है. इस मौके पर स्वास्थ्य सचिव अजय कुमार सिंह, विशेष सचिव नेहा अरोड़ा और रिम्स निदेशक डॉ. डीके सिन्हा मौजूद रहे.
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि जो जामताड़ा कभी साइबर क्राइम के लिए बदनाम रहा, उसकी पहचान अब एक आधुनिक मेडिकल कॉलेज से होगी. उनके मुताबिक, इससे लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी और जामताड़ा की नकारात्मक छवि बदलेगी.


