किराये के मकान में फंदे से लटका मिला 26 वर्षीय युवक, पत्नी से विवाद के बाद तनाव में रहने की बात आई सामने

जमशेदपुर : बिरसानगर थाना के पीछे स्थित गुड़िया बस्ती में बुधवार शाम 26 वर्षीय निक्की मिंज का शव किराये के मकान में फंदे से लटका मिला। आसपास के लोगों और दोस्तों ने उसे कमरे में फंदे से लटका देखा और बिरसानगर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन भी वहां पहुंचे।


मृतक के माता-पिता शंकोसाई रोड नंबर पांच में रहते हैं। रिश्तेदार लक्ष्मण मिंज के अनुसार, निक्की ने करीब तीन साल पहले नेहा हेंब्रम से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद दोनों माता-पिता से अलग किराये के मकान में रह रहे थे। करीब 20-25 दिन पहले पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद नेहा बैंगलोर चली गई थी।
परिजनों के मुताबिक, निक्की अपनी पत्नी को वापस लाने के लिए बैंगलोर भी गया था, लेकिन नेहा उसके साथ लौटने को तैयार नहीं हुई। इसके बाद से निक्की तनाव में रहने लगा था। इसी बीच बुधवार शाम वह अपने किराये के कमरे में फंदे से लटका मिला।


