जमशेदपुर में क्राइम आउट ऑफ कंट्रोल? वरीय अधिकारियों के बीच चर्चा तेज, क्या अब SSP की कुर्सी पर भी मंडरा रहा संकट!

जमशेदपुर :- लौहनगरी में लगातार सामने आ रही आपराधिक घटनाओं ने एक बार फिर जमशेदपुर पुलिस की कार्यप्रणाली और अपराध नियंत्रण की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बैंक डकैती, फायरिंग, चोरी और अवैध कारोबार जैसे मामलों को लेकर पुलिस की सक्रियता पर सवाल उठ रहे हैं। हालात यह हैं कि अपराध नियंत्रण को लेकर लगातार उच्चस्तरीय समीक्षा और बैठकें हो रही हैं।


ऐसे माहौल में पुलिस महकमे के गलियारों में यह चर्चा भी तेज होने लगी है कि अगर जमशेदपुर में अपराध का ग्राफ इसी तरह चिंता का विषय बना रहा तो क्या इसकी जवाबदेही जिले के सबसे बड़े पुलिस अधिकारी यानी SSP तक पहुंचेगी?
सवाल इसलिए भी गंभीर है कि अपराध नियंत्रण की जिम्मेदारी आखिरकार जिले की पुलिस कमान पर ही होती है। थानेदारों को लगातार निर्देश, बैठकों में रणनीति और अधिकारियों की समीक्षा के बावजूद यदि अपराधियों पर अपेक्षित अंकुश नहीं लग रहा है, तो फिर जवाबदेही तय करने की अगली कड़ी कहां तक जाएगी?
ज्ञात हो कि जून 2026 में भी जमशेदपुर की कानून-व्यवस्था को लेकर राज्य स्तर पर सख्त कार्रवाई देखने को मिली थी और वरिष्ठ अधिकारियों को हटाकर उच्चाधिकारियों को सीधे मॉनिटरिंग के लिए मैदान में उतारा गया था। ऐसे में एक बार फिर जमशेदपुर की कानून-व्यवस्था को लेकर बढ़ती उच्चस्तरीय सक्रियता कई सवालों को जन्म दे रही है।
अब सवाल यह है कि क्या जमशेदपुर पुलिस की मौजूदा व्यवस्था से वरीय अधिकारी संतुष्ट हैं, या आने वाले दिनों में एक बार फिर जिम्मेदारी तय करने की कार्रवाई देखने को मिल सकती है?
इधर, पुलिस महकमे से जुड़े सूत्रों के हवाले से यह भी चर्चा सामने आ रही है कि वर्तमान SSP को लेकर वरीय अधिकारियों के स्तर पर मंथन चल रहा है। सूत्रों की मानें तो आने वाले दिनों में जमशेदपुर पुलिस की कमान को लेकर कोई बड़ा फैसला सामने आ सकता है और वर्तमान SSP पर भी गाज गिरने की संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा है।
बहरहाल, जमशेदपुर में अपराध नियंत्रण का सवाल अब केवल थाना स्तर तक सीमित नहीं रह गया है। लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाओं और उस पर हो रही उच्चस्तरीय निगरानी के बीच अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि जवाबदेही की अगली तलवार आखिर किस स्तर तक पहुंचती है।


