आकाशवाणी चौक पर शालिग्राम स्वीट सर्विस रोड बनी परेशानी का सबब,सड़क किनारे जेसीबी खड़ी रहने से मार्ग संकरा,लोगो को हो रही परेशानी

आदित्यपुर। जिले में सड़क सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन एवं यातायात पुलिस लगातार अभियान चला रही है। अवैध पार्किंग करने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई भी की जा रही है, लेकिन आदित्यपुर के आकाशवाणी चौक स्थित शालिग्राम स्वीट्स के समीप सर्विस रोड पर कई दिनों से खड़ी एक जेसीबी स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गई है। स्थानीय नागरिकों के अनुसार सर्विस रोड का निर्माण मुख्य सड़क पर यातायात का दबाव कम करने और वाहनों के निर्बाध आवागमन के लिए किया गया था। इसके बावजूद सड़क किनारे जेसीबी खड़ी रहने से मार्ग संकरा हो गया है, जिससे दो वाहनों का एक साथ गुजरना मुश्किल हो रहा है। परिणामस्वरूप यहां अक्सर जाम जैसी स्थिति उत्पन्न हो जाती है। दोपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को विशेष रूप से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जानकारी के अनुसार हाल ही में उक्त स्थान पर एक जेसीबी शोरूम का उद्घाटन हुआ था। उद्घाटन समारोह के दौरान भी सर्विस रोड का उपयोग प्रदर्शन स्थल के रूप में किए जाने से यातायात प्रभावित हुआ था। स्थानीय लोगों का आरोप है कि शोरूम शुरू होने के बाद भी जेसीबी को सड़क पर ही खड़ा रखा गया है।
दुर्गा पूजा के मद्देनजर इस मार्ग पर लोगों की आवाजाही बढ़ने की संभावना है। ऐसे में नागरिकों ने प्रशासन से सर्विस रोड को अतिक्रमण और अवैध पार्किंग से मुक्त कराने तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की।




