केनरा बैंक डकैतीकांड में पांच संदिग्धों की तस्वीर जारी, तीन की पहचान; प्रत्येक पर ₹2 लाख इनाम

जमशेदपुर : गोलमुरी केनरा बैंक डकैतीकांड की जांच में जमशेदपुर पुलिस ने पांच संदिग्ध डकैतों की तस्वीर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी की है। इनमें तीन की पहचान नाम-पते के साथ कर ली गयी है, जबकि दो अन्य संदिग्धों की पहचान अभी नहीं हो सकी है। पुलिस के अनुसार, पहचाने गये संदिग्धों में पश्चिम बंगाल के रानीगंज निवासी अमन सिंह, बिहार के समस्तीपुर जिले के अंगारघाट थाना क्षेत्र के चैता निवासी प्रियदर्शी उर्फ दर्शन कुमार और पटना के गोसाई गांव निवासी अक्षय कुमार उर्फ साका शामिल हैं। पुलिस पूर्व में ही पांचों संदिग्धों में से प्रत्येक की सूचना देने पर दो-दो लाख रुपये इनाम की घोषणा कर चुकी है।


पुलिस ने लोगों से तस्वीरों में दिख रहे संदिग्धों के संबंध में कोई भी जानकारी मिलने पर तत्काल सूचना देने की अपील की है। साथ ही सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखने की बात कही है। पुलिस की टीम दो अज्ञात संदिग्धों के नाम और पते की जानकारी जुटाने के साथ सभी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
24 सितंबर की सुबह करीब 10 बजे गोलमुरी थानांतर्गत केनरा बैंक में हथियारबंद पांच डकैतों ने बैंक के गार्ड और कर्मचारियों को बंधक बनाकर 42 लाख रुपये नकद और करीब 33 करोड़ रुपये के सोने के गहने लूट लिये थे। वारदात के बाद सभी बाइक से फरार हो गये थे। पूरी घटना बैंक के सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई थी। फुटेज के आधार पर पुलिस ने संदिग्धों की तस्वीरें जुटायीं और तीन की पहचान की। मामले की जांच के लिए एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब ने 20 पुलिस पदाधिकारियों की विशेष जांच टीम (SIT) गठित की है, जो संदिग्धों के संभावित ठिकानों, संपर्कों और फरारी के रास्तों की जानकारी जुटा रही है।


