बागबेड़ा मैदान से कुख्यात अपराधी अनूप चक्रवर्ती गिरफ्तार, देसी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद

जमशेदपुर : बागबेड़ा थाना पुलिस ने लंबे आपराधिक इतिहास वाले अनूप चक्रवर्ती उर्फ अनूप बंगाली को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, उसके पास से लोहे का एक अवैध देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ है। पुलिस रिकॉर्ड में उसके खिलाफ जमशेदपुर के अलग-अलग थानों के साथ रेलवे और पश्चिम बंगाल में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। शुक्रवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सिटी एसपी ललित मीना ने गिरफ्तारी की जानकारी दी।


सिटी एसपी के अनुसार, 1 अक्टूबर की रात पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बागबेड़ा थाना क्षेत्र के बागबेड़ा मैदान में अनूप चक्रवर्ती अपने सहयोगियों के साथ किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की नीयत से घूम रहा है। सूचना की जांच के बाद पुलिस उपाधीक्षक (विधि-व्यवस्था) के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई। टीम ने बताए गए स्थान की घेराबंदी की और मौके से अनूप चक्रवर्ती को दबोच लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से देसी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद होने की बात कही गई है।
पुलिस की आधिकारिक जानकारी के अनुसार, अनूप चक्रवर्ती के खिलाफ कुल 17 पुराने आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें बागबेड़ा थाना के मामलों के अलावा बिष्टुपुर, जुगसलाई, साकची, बर्मामाइंस, चाकुलिया, परसुडीह थाना और रेलवे पुलिस से जुड़े गंभीर मामले शामिल हैं। इन केसों में आर्म्स एक्ट समेत भारतीय दंड विधान की अलग-अलग धाराएं लगी हैं। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार अनूप चक्रवर्ती उर्फ अनूप बंगाली की उम्र करीब 42 वर्ष है और उसका वर्तमान पता पश्चिम बंगाल के फुलिया थाना क्षेत्र का दर्ज है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि घटना के समय बागबेड़ा मैदान में उसके साथ और कौन लोग मौजूद थे और किस वारदात की तैयारी की जा रही थी। हथियार कहां से आया और इसके पीछे किसी दूसरे नेटवर्क की भूमिका है या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है।


