जन शिकायत निवारण दिवस में उमड़ी फरियादियों की भीड़, डीसी ने अधिकारियों को दिए समयबद्ध समाधान के निर्देश

जमशेदपुर : जमीन विवाद, प्रमाण पत्र बनवाने में परेशानी, पेंशन में देरी और राशन कार्ड से जुड़ी शिकायतों को लेकर शुक्रवार को समाहरणालय में आयोजित जन शिकायत निवारण दिवस में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से आए फरियादियों ने उपायुक्त राजीव रंजन के समक्ष अपनी समस्याएं रखीं। उपायुक्त ने एक-एक कर सभी की शिकायतें सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को मामलों की जांच कर नियमानुसार निर्धारित समय-सीमा में समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।


जन शिकायत निवारण दिवस में होमगार्ड बहाली, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने, स्थानांतरण और प्रतिनियोजन से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। इसके अलावा भूमि विवाद, दाखिल-खारिज, जाति, आय और आवासीय प्रमाण पत्र, पेंशन, राशन कार्ड तथा आवास योजना का लाभ नहीं मिलने की शिकायतें भी सामने आईं। लोगों ने पेयजल, बिजली आपूर्ति, सड़क निर्माण, नाला सफाई और जलजमाव जैसी बुनियादी समस्याओं से भी प्रशासन को अवगत कराया। नगर निकाय क्षेत्रों में साफ-सफाई, अतिक्रमण, चिकित्सा सहायता और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े आवेदन भी दिए गए।
उपायुक्त राजीव रंजन ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक शिकायत की गंभीरता से जांच कर आवेदकों को नियमानुसार राहत पहुंचाई जाए। उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर निष्पादित होने वाले मामलों का अविलंब समाधान किया जाए। जिन शिकायतों में स्थल निरीक्षण या दूसरे विभागों के साथ समन्वय की जरूरत है, उनमें भी तेजी से कार्रवाई कर निर्धारित समय-सीमा में जांच प्रतिवेदन उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने अधिकारियों से संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ काम करने को कहा, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें।


