राज्य स्तरीय नेहरू हॉकी कप के लिए हजारीबाग की टीमें रवाना, 19 से 21 सितंबर तक होंगे मुकाबले

हजारीबाग : राज्य स्तरीय जवाहरलाल नेहरू हॉकी कप प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए हजारीबाग जिले की टीमें गुरुवार को रांची के लिए रवाना हुईं। समाहरणालय परिसर से जिला शिक्षा अधीक्षक (DSE) आकाश कुमार ने खिलाड़ियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने खिलाड़ियों से आत्मविश्वास और अनुशासन के साथ मैदान में उतरकर जिले का नाम रोशन करने की अपील की। प्रतियोगिता 19 सितंबर से 21 सितंबर 2026 तक रांची के मोरहाबादी स्थित एस्ट्रोटर्फ स्टेडियम में आयोजित होगी। इसमें राज्यभर के विभिन्न जिलों की टीमें U-15 बालक, U-17 बालक और U-17 बालिका वर्ग में हिस्सा लेंगी।

जिला स्तरीय प्रतियोगिता की विजेता टीमें राज्य स्तर पर हजारीबाग का प्रतिनिधित्व करेंगी। बालिका वर्ग में रामनारायण +2 उच्च विद्यालय, पदमा और बालक वर्ग में मसीह मार्शल स्कूल, चुरचू की टीम प्रतियोगिता में उतरेगी। आकाश कुमार ने कहा कि नेहरू हॉकी कप खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच देता है और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय स्तर तक होता है। उन्होंने सभी कोच और मैनेजर को प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और आवश्यक सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने तथा प्रतियोगिता के बाद उनकी सकुशल वापसी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
टीम की विदाई के दौरान जिला लेखा पदाधिकारी संजय राणा, आनंद प्रभात कुल्लू, अजोय कुंडू, लालिमा ज्योत्सना, संजय त्रिपाठी, टीम कोऑर्डिनेटर मधुसूदन कुमार सिंह, सुनील यादव और अनूप कुमार मेहता मौजूद रहे। सभी कोच और टीम मैनेजर भी खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के लिए उपस्थित थे।


