भू-धंसान से मची दहशत, एक बच्चे की मौत; 4 घायल, दर्जनों परिवारों ने घर छोड़ा

धनबाद : जोगता थाना क्षेत्र के सिजुआ 10 नंबर मोड़ में भू-धंसान की घटना से अफरा-तफरी मच गई। हादसे में एक ही परिवार के पांच लोग जमीन में धंस गए, जिनमें एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि चार का इलाज चल रहा है। घटना के बाद दहशत के चलते दर्जनों परिवार अपने घर खाली कर सुरक्षित स्थानों की ओर चले गए। ग्रामीणों के अनुसार, इलाके में पहले भी भू-धंसान की घटनाएं हो चुकी हैं।


बच्चे की मौत के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सिजुआ मोड़ के पास कतरास-धनबाद मुख्य मार्ग जाम कर बीसीसीएल प्रबंधन और जिला प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। लोगों ने प्रभावित क्षेत्र में सुरक्षा सुनिश्चित करने और भू-धंसान की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की। ग्रामीणों के मुताबिक टड़ाबाड़ी, छाताबाद, काज बगान और लकड़का क्षेत्र में भी पहले ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं। उनका कहना है कि प्रभावित बस्तियों के लोगों की सुरक्षा के लिए तत्काल और दीर्घकालिक व्यवस्था जरूरी है।


