नेपाल में घूमने गये रांची के इंजीनियर दंपती लापता, 26 अगस्त को हुई थी आखिरी बात

रांची : हिनू निवासी इंजीनियर दंपती अंकित रंजन और उनकी पत्नी अंकिता चंद्रा नेपाल घूमने के दौरान लापता हो गये हैं. अंकित रंजन वर्तमान में यूके के नागरिक हैं और जेपी मॉर्गन कंपनी में इंजीनियर के तौर पर काम करते हैं. उनकी पत्नी भी यूके में इंजीनियर हैं. दोनों यूके से नेपाल घूमने गये थे. अंकित के छोटे भाई तनय रंजन के मुताबिक, 26 अगस्त की सुबह करीब आठ बजे दोनों नेपाल-तिब्बत बॉर्डर पर स्थित रसुवागढ़ी इमिग्रेशन सेंटर पहुंचे थे. दस्तावेज बनाने के सिलसिले में वहां पहुंचने के दौरान तनय की अंकित से आखिरी बार फोन पर बात हुई थी. इसके बाद दोनों से संपर्क नहीं हो पाया है और परिवार उनकी तलाश में जुटा है.


तनय रंजन ने बताया कि अंकित वर्ष 2009 में रांची छोड़कर यूके चले गये थे और वहीं इंजीनियर के रूप में काम कर रहे थे. उनकी पत्नी भी यूके में इंजीनियर हैं. तनय फिलहाल नासिक में रहते हैं. नेपाल जाने के बाद से भाई और भाभी से संपर्क नहीं होने के कारण परिवार काफी चिंतित है और दोनों के सकुशल वापस मिलने की उम्मीद कर रहा है.


