टाटा वर्कर्स यूनियन की बैठक में हंगामे के आसार, एनएस ग्रेड के सदस्य उठाएंगे तीखे सवाल



जमशेदपुर : टाटा स्टील की अधिकृत यूनियन टाटा वर्कर्स यूनियन की कमेटी मीटिंग सोमवार सुबह 9:30 बजे यूनियन परिसर में होगी. बैठक में फरवरी, मार्च, अप्रैल और मई यानी चार महीनों के एकाउंट्स को मंजूरी के लिए रखा जायेगा. हालांकि, एजेंडे और बैठक की प्रक्रिया को लेकर यूनियन के भीतर असंतोष है, जिससे हंगामा होने की संभावना जतायी जा रही है. विरोधी खेमे के प्रमुख नेता अरविंद पांडे पैर टूटने के कारण बैठक में अनुपस्थित रह सकते हैं, लेकिन दिसंबर में होने वाले यूनियन चुनाव को देखते हुए एनएस ग्रेड के कमेटी मेंबर अपनी बात मजबूती से रखने की तैयारी में हैं. यूनियन संचालित कैंसर रेस्ट हाउस में महामंत्री सतीश सिंह, उपाध्यक्ष शाहनवाज आलम समेत कई कमेटी मेंबरों की बैठक भी हुई, जिसमें कमेटी मीटिंग को लेकर रणनीति बनायी गयी. यूनियन नेतृत्व ने शनिवार दोपहर 3 बजे बैठक की सूचना जारी की थी, जिसके बाद कार्यालय बंद हो गया और रविवार को छुट्टी रही.


सदस्यों का आरोप है कि अचानक बैठक बुलाने का उद्देश्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा से बचना है. एकाउंट्स के अलावा अन्य विषयों पर चर्चा होगी या नहीं, इसका अंतिम फैसला यूनियन अध्यक्ष करेंगे. वहीं, एनएस ग्रेड के कमेटी मेंबर नेतृत्व से सवाल करने की रणनीति तैयार कर चुके हैं. कर्मचारियों का कहना है कि हालिया वेतन समझौते के बाद एनएस ग्रेड में कई विसंगतियां सामने आयी हैं. कर्मचारियों के डेट ऑफ इंक्रीमेंट में बदलाव हुआ और कुछ कर्मियों के वेतन में कमी भी आयी है, जबकि स्टील ग्रेड में ऐसी समस्या नहीं देखी गयी. समस्या के समाधान के लिए एनोमली कमेटी गठित है, लेकिन सदस्यों का सवाल है कि वेतन समझौते के समय इन पहलुओं की गहन समीक्षा क्यों नहीं की गयी.


