मुख्यमंत्री आज करेंगे विभागों की समीक्षा, योजनाओं की रफ्तार और लंबित मामलों पर होगी नजर

रांची : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन गुरुवार को राज्य के सभी विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रधान सचिव और सचिव के साथ समीक्षा बैठक करेंगे। बैठक दोपहर 12 बजे से शुरू होगी। इसमें पहले की बैठकों में लिए गए फैसलों और दिए गए निर्देशों पर हुई कार्रवाई की समीक्षा की जाएगी। साथ ही यह भी देखा जाएगा कि किन विभागों ने निर्देशों का पालन किया है और कौन-कौन से मामले अभी लंबित हैं।


मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने विभिन्न विभागीय और जिला स्तरीय समीक्षा बैठकों में विकास योजनाओं को समय पर पूरा करने, लंबित मामलों का निष्पादन करने और सरकारी योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया है। जिन योजनाओं का शिलान्यास हो चुका है, उनके निर्माण कार्य में तेजी लाने और तय समय पर उद्घाटन सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया गया है। विभागीय सचिवों को कार्यक्रम बनाकर जिलों का दौरा करने, योजनाओं की समीक्षा करने और जरूरत पड़ने पर औचक निरीक्षण कर जमीनी स्थिति देखने को भी कहा गया था।
बैठक में योजनाओं की मौजूदा प्रगति, लंबित मामलों की स्थिति और विभागीय कार्यप्रणाली की भी समीक्षा की जाएगी। आईटी एवं ई-गवर्नेंस विभाग को परियोजनाओं की नियमित निगरानी करने और लंबित कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने का निर्देश दिया गया था। गुरुवार की बैठक में इन निर्देशों के अनुपालन के साथ यह भी देखा जाएगा कि सरकारी योजनाओं का लाभ आम लोगों तक किस हद तक पहुंचा है।


